इटारसी। पश्चिम मध्य रेल के कोटा मंडल द्वारा आयोजित अंतर-मंडलीय डॉग प्रतियोगिता में भोपाल मंडल के आरपीएफ डॉग स्क्वाड इटारसी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया है। इटारसी के स्वान जैकी ने अपनी शानदार कार्यकुशलता और अनुशासन का परिचय देते हुए स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) अपने नाम किया है।
प्रतियोगिता के दौरान डॉग जैकी ने अपने हैंडलर आरक्षक ओमप्रकाश रघुवंशी और सह-हैंडलर प्रधान आरक्षक अजीत सिंह राजपूत के सटीक संकेतों और मार्गदर्शन का पालन करते हुए आज्ञाकारिता और स्निफिंग के सभी कठिन चरणों को उच्च दक्षता के साथ पूरा किया।
इस उपलब्धि पर वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (भोपाल) डॉ. अभिषेक और आरपीएफ इटारसी के निरीक्षक प्रभारी मनीष पाण्डेय ने विजेता टीम जैकी, ओमप्रकाश रघुवंशी और अजीत सिंह राजपूत को बधाई दी है। अधिकारियों ने कहा कि इस शानदार प्रदर्शन से संपूर्ण भोपाल मंडल और आरपीएफ इटारसी का मान बढ़ा है।











