इटारसी। शहर में कल 22 सितंबर को डोल ग्यारस का पर्व पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर और आसपास के ग्रामीण अंचलों के विभिन्न मंदिरों से भगवान के विमान (डोल) और शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। आयोजन को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए इटारसी थाना पुलिस ने सभी प्रमुख समितियों के लिए समय और रूट चार्ट निर्धारित कर दिया है।
इन प्रमुख मंदिरों से निकलेंगे डोल
पुलिस प्रशासन द्वारा जारी सूची के अनुसार, शहर के द्वारिकाधीश बड़ा मंदिर, राम जानकी मंदिर (पहली लाइन), बूढ़ी माता मंदिर, विश्वकर्मा मंदिर, मालवीयगंज स्थित दुर्गा मंदिर और गांधीनगर के बालाजी मंदिर से डोल निकाले जाएंगे। इसके अलावा पुरानी इटारसी स्थित देवल मंदिर सहित ग्राम मेहरागांव और सोनासांवरी से भी भव्य डोल यात्राएं निकाली जाएंगी।
दोपहर से शुरू होकर देर शाम तक चलेगा आयोजन
शोभायात्राओं का सिलसिला 22 सितंबर को दोपहर 1 बजे से शुरू होकर देर शाम 7 बजे तक अलग-अलग समय पर प्रारंभ होगा। विभिन्न समितियों के डोल अपने निर्धारित रूट—जैसे पहली लाइन, मालवीयगंज, आजाद चौक, सनखेड़ा नाका और सराफा बाजार—से होते हुए वापस अपने गंतव्य मंदिरों तक पहुंचेंगे। पुलिस प्रशासन ने सभी समितियों से निर्धारित रूट और समय का पालन करने की अपील की है, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।











