इटारसी। भीषण गर्मी की शुरुआत के साथ ही शहर के पुराने बस स्टैंड पर यात्रियों के लिए पीने के पानी का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। बस स्टैंड परिसर में स्थित पानी की टंकी पिछले 6 दिनों से सूखी पड़ी है, जिससे यहां आने वाले सैकड़ों यात्री बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, बस स्टैंड पर पेयजल आपूर्ति के लिए लगा हुआ बोर पिछले करीब एक सप्ताह से खराब है। बोरिंग में आई तकनीकी खराबी के कारण टंकी में पानी नहीं भर पा रहा है। आलम यह है कि दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले यात्री बस से उतरते ही पानी की तलाश में यहां-वहां भटकते नजर आते हैं। विशेषकर छोटे बच्चों और बुजुर्गों को इस चिलचिलाती धूप में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यात्रियों की जेब पर पड़ रहा असर
ठंडा पानी तो दूर, यात्रियों को अब अपनी प्यास बुझाने के लिए मजबूरी में बाजार से महंगी बोतलबंद पानी खरीदनी पड़ रही है। स्थानीय दुकानदारों और बस ऑपरेटरों का कहना है कि प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया है, लेकिन 6 दिन बीत जाने के बाद भी अब तक बोरिंग सुधारने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। यात्रियों और बस स्टैंड के कर्मचारियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि गर्मी के मौसम को देखते हुए इस गंभीर समस्या का तत्काल निराकरण किया जाए। यदि बोर सुधारने में समय लग रहा है, तो वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर वहां टैंकर के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जाना चाहिए।










