इटारसी। पुरानी इटारसी के वार्ड 5 में पिछले कुछ दिनों से नागरिकों को हो रही पेयजल समस्या का रविवार को समाधान कर दिया है। नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने जल विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर पाइपलाइन का निरीक्षण किया और तकनीकी खराबी को दूर कराया।
रविवार सुबह करीब 8 बजे नपाध्यक्ष और जल विभाग की टीम ने आजाद चौक से ब्रिज तक पाइपलाइन का निरीक्षण किया। इस दौरान जमीन की खुदाई कर पाइपलाइन के ज्वाइंट एवं वॉल्व की स्थिति की बारीकी से जांच की गई ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वे सही तरीके से कार्य कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान बजाज शोरूम के सामने मुख्य पाइपलाइन में रुकावट की पहचान हुई। टीम ने इस रुकावट को दूर कर मरम्मत का कार्य पूरा किया। इसके बाद क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल कर दी गई, जिससे वार्डवासियों को बड़ी राहत मिली। क्षेत्र के नागरिकों ने समस्या के त्वरित समाधान पर संतोष व्यक्त किया है।
इस मौके पर पार्षद प्रतिनिधि अरविंद चंद्रवंशी, पार्षद जिम्मी कैथवास, एल्डरमैन आशीष कुमार मालवीय, रिषभ सिंह चौहान, संजीव अग्रवाल, जल प्रभारी संजय दुबे, रवीन्द्र जोशी, राजा मालवीय सहित वार्ड के अन्य नागरिकगण उपस्थित रहे।











