इटारसी। ओल्ड पेंशन स्कीम को लागू करने की मांग को लेकर रेल कर्मी आंदोलन कर रहे हैं। पश्चिम मध्य रेलवे मजदूर संघ के बैनर तले आज इस मांग को लेकर रेलकर्मियों ने भोपाल में डीआरएम कार्यालय का घेराव किया। इटारसी से इस आंदोलन में बड़ी संख्या में मजदूर संघ के सदस्य रेलकर्मी पहुंचे थे। मुख्य शाखा के अध्यक्ष प्रीतम तिवारी ने बताया कि संघ के महामंत्री अशोक शर्मा एवं मंडल अध्यक्ष राजेश पांडे के मार्गदर्शन एवं बीएल मिश्रा, कमलेश परिहार, नितिन परमार, संजय कटारे, रोमेश चौबे के नेतृत्व में आज भोपाल मंडल रेल कार्यालय का घेराव करने सैकड़ंो की संख्या में युवा पहुंचे और ओल्ड पेंशन स्कीम पाने के लिए अपनी मांगे एवं धरना प्रदर्शन किया।
इटारसी से भागीरथ मीणा, संजय कैचे के नेतृत्व में सभी मुख्यालय कार्यकारिणी सदस्य, शाखा के अध्यक्ष, सचिव एवं युवा सैकड़ो की संख्या में भोपाल पहुंचे। उल्लेखनीय है कि 16 से 21 जून तक महामंत्री अशोक शर्मा के मार्गदर्शन में जबलपुर जोन में ओल्ड पेंशन पाने के लिए संघर्ष सप्ताह हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया है। हर छोटे-छोटे डिपो में गेट मीटिंग एवं सभाएं की जा रही थीं, आज समापन मंडल कार्यालय में किया।
मंडल अध्यक्ष राजेश पांडे ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह अधिकारी एनपीएस और यूपीएस थोप रहे हैं, खुद नहीं लेना चाहते हैं और रेलवे कर्मचारियों को लेने के लिए मजबूर कर रहे हैं। विधायक एवं सांसद एक दिन के लिए बन जाते हैं तो ओल्ड पेंशन पाते हैं, वो एनपीएस और यूपीएस क्यों नहीं लेते हैं? प्रीतम तिवारी ने कहा कि मुख्य शाखा के सैकड़ों युवा कार्यकर्ता अपनी छुट्टी लेकर भोपाल मंडल गए थे एवं अपनी मांगें प्रशासन के सामने रखीं। इटारसी के सभी युवाओं में जोश है, जिस दिन ओल्ड पेंशन स्कीम पाने के लिए ट्रेन रोकने के लिए या अन्य किसी भी कार्यक्रम के लिए जरूरत पड़ेगी तो सैकड़ों की संख्या में लोग रोड पर आएंगे।











