इटारसी। शहर में अपराधियों और नशे के सौदागरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे जनप्रतिनिधियों को भी अपना निशाना बनाने से नहीं कतरा रहे हैं। आज रात शहर में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बीजेपी पार्षद जिम्मी कैथवास पर नशे के कारोबारियों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।
खेत में पानी चलाते वक्त घात लगाकर हमला
जानकारी के मुताबिक, यह वारदात आज रात करीब 8:00 से 8:15 बजे के बीच की है। पार्षद जिम्मी कैथवास अपने खेत पर बैठे थे और खेत में पानी चल रहा था। इसी दौरान अमन राजपूत नामक आरोपी ने उन पर अचानक हमला बोल दिया।
हमले की वजह
नशे के सौदागरों को यह शक था कि पार्षद जिम्मी कैथवास पुलिस से उनकी शिकायत करते हैं, जिसके कारण पुलिस उन पर कार्रवाई करती है। इसी रंजिश और शक के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। हमले के दौरान हुई झूमाझटकी में चाकू पार्षद के पैर में जा लगा, जिससे वे लहूलुहान हो गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जिम्मी कैथवास की शिकायत पर आरोपी अमन राजपूत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
अस्पताल में उमड़ा बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं का हुजूम
पार्षद पर हमले की खबर आग की तरह पूरे शहर में फैल गई। खबर मिलते ही सिविल अस्पताल में भारतीय जनता पार्टी के बड़े नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जमा हो गई। अस्पताल परिसर में तनाव और आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है, और लगातार लोग पार्षद का हालचाल जानने पहुंच रहे हैं।
48 घंटे में दूसरी बड़ी वारदात
शहर में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। 2 दिन के भीतर यह दूसरी लगातार बड़ी वारदात है। परसों रात जुझारपुर रोड पर सिवनी मालवा के विधायक प्रतिनिधि के भतीजे पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला किया गया था। इन्हीं नाबालिग और शातिर अपराधियों ने 3 से 4 अन्य लोगों पर भी जानलेवा हमले किए हैं।
टीआई सौरभ पांडेय ने बताया कि पुलिस इन मामलों को बेहद गंभीरता से ले रही है। विधायक प्रतिनिधि के भतीजे पर हमला करने वाले 5 में से 4 आरोपियों को दबोचा जा चुका है, जबकि एक अभी फरार है। चाकूबाजों के खिलाफ सख्त धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है।
शहर को इस खौफ के माहौल से निकालेंगे
इस गंभीर घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने कहा, “यह निश्चित रूप से हमारे शहर के लिए बेहद चिंता का विषय है। चाकूबाजी की बढ़ती घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। हम जल्द ही क्षेत्रीय विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा के साथ पुलिस के उच्चाधिकारियों से चर्चा करेंगे। शहर को अपराधियों के इस खौफनाक माहौल से हर हाल में बाहर निकाला जाएगा।











