- मोहासा इंडस्ट्रियल एरिया में मिट्टी में दबी मिली लाश का खुलासा
नर्मदापुरम। मोहासा इंडस्ट्रियल एरिया में दावत फैक्ट्री की निर्माणाधीन साइट पर मिट्टी के नीचे दबे मिले युवक अतुल यादव की मौत के मामले में माखननगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने खुलासा किया है कि यह केवल एक दुर्घटना नहीं थी, बल्कि साक्ष्य छुपाने के लिए डंफर चालक ने युवक के शव को मिट्टी में दबा दिया था। पुलिस ने आरोपी डंपर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या था मामला?
15 मई 2026 को मोहासा इंडस्ट्रियल एरिया में मिट्टी में दबी हुई अतुल यादव की लाश मिलने से सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साईंकृष्णा एस थोटा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के निर्देशन और एसडीओपी सोहागपुर संजू चौहान के मार्गदर्शन में माखननगर थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
साक्ष्यों को छुपाने की साजिश आई सामने
जांच और साक्ष्यों के आधार पर यह पाया गया कि 15 मई की रात लगभग 03:30 बजे डंपर क्रमांक केए 51 एएम 4417 का चालक राजू उर्फ राजेश श्रीवास्तव डंपर को रिवर्स ले रहा था। इसी दौरान डंपर का डाला खोलने की प्रक्रिया में युवक अतुल यादव पीछे के टायर की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से घबराकर और कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए आरोपी चालक राजू ने साक्ष्य छुपाने की नीयत से अतुल के शव के ऊपर डंपर की मिट्टी डालकर उसे पूरी तरह दबा दिया था।
आरोपी गिरफ्तार, डंपर जब्त
पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज किया। 17 मई 2026 को आरोपी राजू उर्फ राजेश पिता मोहनसिंह श्रीवास्तव, निवासी नोनिया बरेली, जिला रायसेन को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंपर को जब्त कर लिया है और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस अंधे कत्ल जैसी गुत्थी को सुलझाने में माखननगर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही इनमें उपनिरीक्षक आकाशदीप पचाया (प्रभारी), उनि अशोक वरबडे, उनि लाहनू उबनारे, सउनि अशोक अठोले, गोपाल पाल, वीरेन्द्र शुक्ला, दिनेश पाल, प्रकाशसिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक अजय, मनोज, सुनील, महेन्द्र, तरूण, हरीश मालवीय, नरेश मलिक, गजेन्द्र चौहान, सुनील उमरिया, शुभम, नरेन्द्र, रविन्द्र एवं स्वाति का योगदान रहा।











