इटारसी। पितृपक्ष के दौरान पिंडदान और तर्पण के लिए गया (बिहार) जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने एक बड़ा फैसला लिया है। अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रानी कमलापति (भोपाल) और गया के बीच 3-3 ट्रिप स्पेशल ट्रेन (01661/01662) का संचालन किया जाएगा। इसका सीधा लाभ नर्मदापुरम, इटारसी और पिपरिया के यात्रियों को मिलेगा।
गया जाने वाली ट्रेन का शेड्यूल
27 सितंबर, 02 अक्टूबर और 07 अक्टूबर 2026। यह ट्रेन दोपहर 15:20 बजे रानी कमलापति से चलेगी। नर्मदापुरम में शाम 16:34 बजे और इटारसी में 17:05 बजे पहुंचेगी। अगले दिन दोपहर 14:30 बजे गया पहुंचेगी।
वापसी की ट्रेन का शेड्यूल
30 सितंबर, 05 अक्टूबर और 10 अक्टूबर 2026। गया से दोपहर 15:30 बजे रवाना होकर, अगले दिन दोपहर 14:05 बजे इटारसी और 14:43 बजे नर्मदापुरम होते हुए 16:15 बजे रानी कमलापति स्टेशन पहुंचेगी।
24 कोच की होगी ट्रेन, इन स्टेशनों पर भी रुकेगी
सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि इस ट्रेन में 2 सेकंड एसी, 4 थर्ड एसी, 12 स्लीपर, 4 जनरल और 2 एसएलआर सहित कुल 24 कोच होंगे। यह ट्रेन नर्मदापुरम, इटारसी के अलावा पिपरिया, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी, सतना, प्रयागराज छिवकी और पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। यात्री रेल मदद 139 या ऑनलाइन एप से इस ट्रेन की विस्तृत जानकारी और बुकिंग कर सकते हैं।










