इटारसी। नर्मदापुरम जिले के केसला ब्लॉक के ग्रामीण अंचलों में सोमवार की रात अचानक धरती हिलने से हड़कंप मच गया। ब्लॉक के ग्राम चिचवानी और छीतापुरा क्षेत्र में रात करीब 9:39 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। अचानक हुए इस कंपन से ग्रामीणों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने बताया कि रात में जब वे सो रहे थे, तभी अचानक कुछ सेकंड के लिए तेज कंपन हुआ और ऐसा महसूस हुआ मानो घर हिल गया हो। डर के कारण कई लोग तुरंत अपने घरों से बाहर खुले में आ गए।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस भूकंप का सटीक समय सोमवार रात 21:39:58 (ढ्ढस्ञ्ज) दर्ज किया गया है। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.8 मैग्नीट्यूड मापी गई है, जिसका केंद्र अक्षांश 22.367 और देशांतर 77.688 पर जमीन के अंदर 10 किलोमीटर की गहराई पर था।
जानकारों के मुताबिक, यह हल्की श्रेणी का भूकंप है, जिससे कोई बड़ा खतरा नहीं होता। प्रशासन के अनुसार, क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी तरह के जान-माल या संपत्ति के नुकसान की खबर नहीं है।










