इटारसी। नया यार्ड स्थित पश्चिम मध्य रेलवे गैस एजेंसी के गोदाम की स्थिति अत्यंत दयनीय और जर्जर हो चुकी थी। दीवारों में आई गहरी दरारों और लेंटर से सीमेंट झडऩे के कारण यहाँ कभी भी गंभीर दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गैस एजेंसी संचालक उमेश निगम ने पूर्व में आईओडब्ल्य नया यार्ड को पत्राचार कर मरम्मत की गुहार लगाई थी, हालांकि गोदाम की बदहाली को देखते हुए साधारण मरम्मत संभव नहीं प्रतीत हो रही थी।
गैस आपूर्ति कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी स्पष्ट चेतावनी दी थी कि जर्जर भवन में सिलेंडर रखे जाने पर बड़ी दुर्घटना हो सकती है, जिससे समिति पर जुर्माना और निष्कासन की कार्रवाई की जा सकती है। यदि ऐसा होता तो आगामी दीपावली पर्व के दौरान रेलवे कर्मचारियों, नया यार्ड निवासियों और सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को गैस सिलेंडर के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ता।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ आगे आया। संघ के महामंत्री अशोक शर्मा के मार्गदर्शन, मंडल अध्यक्ष आरके शर्मा, मंडल सचिव कमलेश परिहार एवं भागीरथ मीणा के नेतृत्व में मंडल संघटक प्रीतम तिवारी ने उच्च अधिकारियों से वार्ता की। वार्ता के बाद समाधान निकालते हुए वर्तमान गैस एजेंसी कार्यालय को गोदाम बनाने और कार्यालय के सुचारू संचालन के लिए एक रेलवे आवास एजेंसी को सौंपने पर सहमति बनी है, जिससे स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। त्वरित पहल से त्योहार से ठीक पहले रेलकर्मियों और स्थानीय निवासियों को संभावित संकट से राहत मिली है।











