मुस्लिम समाज प्रमुखों और अफसरों में बनी एकराय
इटारसी। शुक्रवार को ईदुल फित्र के त्यौहार को देखते हुए आज एसडीएम और पुलिस अधिकारियों ने मुस्लिम समाज के प्रमुख सदस्यों की एक बैठक सोशल डिस्टेंसिंग के साथ विश्राम गृह परिसर में की। इस दौरान शांति से और कोरोना गाइड लाइन का पालन करके ईद का पर्व मनाने को कहा गया। बैठक में एसडीएम मदन सिंह रघुवंशी (SDM Madan Singh Raghuvanshi), एसडीओपी महेन्द्र मालवीय (SDOP Mahendra Malaviya) और टीआई राम स्नेह चौहान (Ti Ram Sneh Chauhan) ने मुस्लिम समाज को ईद का पर्व मनाने के संबंध में उचित दिशा-निर्देश दिये। बैठक में मुख्यत: तीन बातों पर चर्चा की गई। पहली तो यह कि ईद की नमाज घरों में ही अता की जाएगी, समाज के लोग मस्जिद में नहीं जाएंगे। मस्जिद में केवल पांच लोग ही नमाज अता करेंगे, पांच से अधिक लोग किसी मस्जिद में एकत्र नहीं होंगे। और ईदगाह (Idgah) में कोई नमाज नहीं होगी।
धर्मप्रमुख करेंगे अपील
मुस्लिम समाज के धर्मप्रमुख ईद की नमाज को लेकर समाज के लोगों से घरों में रहकर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए नमाज अता करने और शांतिपूर्ण तरीके से त्यौहार मनाने की अपील करेंगे। समाज के लोगों से अपने घरों में नमाज अता करने को कहा जाएगा। इसके लिए वाकायदा सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश भी जारी किया जाएगा।











