इटारसी। वार्ड 21 स्थित पूर्व पार्षद स्व. लालजी राम जी बड़कुर के निवास पर एकात्म मानववाद के प्रणेता व भारतीय जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती श्रद्धाभाव के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता एवं शिक्षाविद मोहन दास गौर तथा सरस्वती शिशु मंदिर समिति के पूर्व सचिव रामाश्रय बाजपेई ने पंडित दीनदयाल के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। अपने उद्बोधन में मोहन दास गौर ने कहा कि दीनदयाल ऐसे महान लेखक और पत्रकार थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन देश और समाज के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कविता की पंक्तियों के माध्यम से उनके त्याग और सेवाभाव को याद किया। वहीं, वक्ता रामाश्रय बाजपेई ने उनकी सहजता, सरलता और उनके आदर्शों को जीवन में समाहित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा ग्रामीण विकास प्रकोष्ठ के पूर्व नगर अध्यक्ष मनोज बडकुर ने किया तथा आभार प्रदर्शन आयुष चौरे ने किया। इस अवसर पर चौरिया कुर्मी समाज समिति के पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश बड़कुर, वरिष्ठ भाजपा नेता रंजीत चावला, पूर्व पार्षद मधु बड़कुर, अशोक चौरे, कमलेश साहू, सुरेंद्र साहू, विजय चौधरी, संजय दुबे, विवेक चौधरी सहित मातृशक्ति के रूप में अनीता चौरसिया, मंजू बड़कुर, ममता बड़कुर और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।











