नर्मदापुरम। ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के अंतर्गत सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में पर्यावरण संरक्षण और सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान परिसर में मौजूद पर्यटकों, अधिकारियों और आमजनों को पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन की शपथ दिलाई गई।
अभियान के दौरान दैनिक जीवन में ऊर्जा बचत के महत्व पर विशेष ध्यान आकर्षित किया गया। उपस्थित लोगों से अपील की गई कि वे अनावश्यक चल रहे विद्युत उपकरणों और लाइटों को तुरंत बंद करें, बिजली की खपत कम करें और ऊर्जा का विवेकपूर्ण उपयोग करें। अधिकारियों ने संदेश दिया कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का व्यक्तिगत दायित्व है। दैनिक दिनचर्या में छोटे-छोटे व्यवहारगत बदलाव लाकर प्राकृतिक संतुलन को बनाए रखने में बड़ा योगदान दिया जा सकता है।










