इटारसी। गुस्सा भले न आए, शर्म तो आनी ही चाहिए। गुस्सा सेहत के लिए हानिकारक है और बेशर्मी तो आपकी कार्यप्रणाली, हठधर्मिता और यहां तक की आपकी अपनी पहचान के लिए भी हानिकारक है।
ये शब्द भले अब तक आपको समझ नहीं आए हों, लेकिन यह हैं प्रशासन के लिए। इस शहर में अधिकारी आते हैं, केवल समय गुजारने के लिए। व्यवस्था बदलें भलें न, जो बिगड़ी है, उसे सुधार ही दें तो वर्षों बरस याद किये जाते रहेंगे। जैसे आज जहां अटल पार्क है, उस भूमि को खाली कराने वाले जीएस बालिम्बे को आज भी याद किया जाता है। हम बात कर रहे हैं, शहर के लिए नासूर और प्रशासन के लिए चुनौती बन चुके बीच बाजार में कॉलर खड़ी करके न सिर्फ आवागमन बाधित करने वाले, बल्कि महिलाओं पर गंदे कमेंट्स करने वाले फलों के ठेले वालों की। न तो एसडीएम, न पुलिस और ना ही नगर पालिका, इनको सुधार सकी।
शर्म ही कर ली जाती
लगभग हर त्रैमासिक बैठक में विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने सख्त लहजे में इन फल वालों का मुद्दा उठाया। इस बार तो बाकायदा एक समिति बनाने की बात भी की गई। लेकिन, जितनी सुस्ती इस बार दिखी, यह पहले कभी नहीं देखी गयी। मानो, विधायक की बात सुनी ही नहीं हो। एक दिन रेलवे स्टेशन के सामने, फिर कमला नेहरु पार्क के पास अभियान चलाकर अतिक्रमण मुहिम बंद हो गयी। फिर एक दिन सोशल मीडिया पर मैसेज डाला गया तो सीएमओ ने शराब दुकानों के आसपास गंदगी पर जुर्माना कर दिया। ये सारे एक्शन केवल रस्म अदायगी ही हैं, इनमें निरंतरता का अभाव होने से सफलता कभी नहीं मिलने वाली है। माना कि गुस्सा सेहत के लिए हानिकारक है, शर्म ही कर ली जाये तो व्यवस्था भी सुधर जाएगी।
क्या करता है आखिर अमला
नगर पालिका के पास कहने को, या फिर कागजों में ही अतिक्रमण विरोधी अमला है। क्योंकि महीने-दो महीने में एकाध बार बाजार में घूमकर कुछ सौ की रसीदें काटकर अमला अपनी ड्यूटी पूरी करता है। यदि अतिक्रमण विरोधी अमला है तो फिर हर रोज मैदान में क्यों नहीं दिखता है? आखिर क्या मजबूरी है कि नगर पालिका या पुलिस का ट्रैफिक अमला बाजार से फल वालों को सब्जी मंडी के चबूतरों पर नहीं भेज पाता है? क्या फल वाले जो व्यवस्था बिगाड़ रहे हैं, उनसे कोई नजराना लिया जाता है? या फिर वे ज्यादा शातिर हैं, प्रशासन का अमला उनके मुकाबिल कमजोर साबित हो रहा है? जैसे ही नगर पालिका का अमला पहुंचता है, फल वाले दायें-बायें हो जाते हैं, तो क्या अमला इनको वहीं जाकर नहीं पकड़ सकता? फिर आपकी ड्यूटी है तो केवल रस्म अदायगी क्यों, सारा दिन बाजार में रहिए, देखें कैसे ये फल वाले बाजार में आते हैं? मगर नहीं, शर्म नहीं है तो कैसे होगा?
चार पकड़कर बन गये तीसमारखां
चार हाथठेले वालों को पकड़ लिया। सोशल मीडिया पर छा गये और बन गये तीसमारखां। इनसे सौ-सौ रुपए का जुर्माना करके नगर पालिका के राजस्व में अच्छी खासी बढ़ोतरी कर ली होगी? बस अब ड्यूटी खत्म! हर बार प्रशासन को लानत भेजी जाती है, कि फल वाले नहीं संभल रहे, और दावा शहर संभालने का करते हैं? पता नहीं अधिकारियों को गुस्सा भी नहीं आता। भले गुस्सा न आए, मगर शर्म तो आनी ही चाहिए।










