- जयस्तंभ चौक पर नपाध्यक्ष ने फहराया तिरंगा, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संस्थाओं में उमड़ा राष्ट्रभक्ति का सैलाब
- राष्ट्रीय स्मारक पर 150 मेधावियों को मिले आंवले के पौधे
- शहर/ग्रामीण अंचलों के स्कूलों, महाविद्यालयों, पत्रकार भवन में देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ मना स्वतंत्रता दिवस
इटारसी। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर इटारसी नगर और आस-पास के क्षेत्रों में देशभक्ति का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। नगर का मुख्य समारोह राष्ट्रीय स्मारक जयस्तंभ चौक पर आयोजित हुआ, जहां नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने ध्वजारोहण किया। मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन किया गया और 10वीं-12वीं के 150 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं आंवले का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। एनसीसी ने शानदार गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
शहर के प्रशासनिक कार्यालयों एसडीएम कार्यालय, कृषि उपज मंडी, सिटी थाना, आबकारी थाना, जीआरपी एवं आरपीएफ के साथ-साथ नगर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संस्थाओं ने इस राष्ट्रीय पर्व को दोगुनी ऊर्जा और भव्यता के साथ मनाया।


शिक्षण संस्थानों में दिखा युवा शक्ति का जज़्बा : सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में स्वतंत्रता दिवस समारोह अत्यंत भव्यता के साथ आयोजित किए गए, जहां विद्यार्थियों ने अपने हुनर और देशभक्ति से सभी का हृदय जीत लिया:
गुरु नानक पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में देशभक्ति एवं गौरवपूर्ण वातावरण में तिरंगे को सलामी दी गई। मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक शर्मा और विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज खट्टर उपस्थित रहे। श्री शर्मा ने युवाओं को अनुशासन, संस्कार और राष्ट्रहित का संदेश दिया। कार्यक्रम में सरस्वती पूजन व महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण हुआ। स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह सलूजा, सचिव हरप्रीत सिंह छाबड़ा सहित अमरजीत सिंह चावला, हरमीत सिंह गुरुदत्ता, गुरुभेज सिंह जुनेजा, सर्वप्रीत सिंह भाटिया आदि पूरी समिति मौजूद रही। छात्र अनमोल सराठे एवं सारा खान ने संचालन किया तथा शिक्षक आशीष पटेल ने आभार माना।
शासकीय उ.मा. विद्यालय जुझारपुर को 100 प्रतिशत परीक्षा परिणाम के लिए इस शाला को उज्जैन में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सम्मानित किया था। यहां ध्वजारोहण प्रभारी प्राचार्य श्रीमती आरती यादव ने किया। मुख्य अतिथि ग्राम सरपंच श्रीमती सरोज परते ने दीप प्रज्वलन किया। गणमान्य नागरिक लाडली बाबू चौधरी ने प्रेरक उद्बोधन दिया। मंच संचालन श्रीमती प्रीति मालवीय और आभार ओपी चौरे ने किया।
शासकीय बिरसा मुंडा महाविद्यालय सुखतवा में प्राचार्य डॉ. नीता राजपूत ने ध्वजारोहण किया। करिश्मा टेकाम, निशा उइके और मोनिका बामने ने ओजस्वी भाषण दिए, जबकि कशिश शेख और शालिनी ने देशभक्ति गीतों से समां बांध दिया। मुख्य अतिथि मंडल अध्यक्ष सुशील वरकड़े ने शुभकामनाएं दीं। डॉ. राजपूत ने युवाओं को राष्ट्र की प्रगति का आधार बताया। कार्यक्रम में अजय साहू, अशोक साहू सहित डॉ. राधा आशीष पांडे, डॉ. दिशा ठाकुर और समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
मां नर्मदा महाविद्यालय एवं कैम्पस में संचालक दीपक नारायण अग्रवाल के नेतृत्व में हर घर तिरंगा अभियान के तहत रैली निकाली गई। प्राचार्या श्रीमती साक्षी भारद्वाज ने स्टाफ के साथ ध्वजारोहण किया। सबसे बड़ा आकर्षण कक्षा नर्सरी के नन्हे-मुन्ने बच्चे रहे, जो भगत सिंह, झांसी की रानी, सुभाष चंद्र बोस और सैनिकों की वेशभूषा में स्कूल पहुंचे थे।

फ्रेन्ड्स हायर सेकेंडरी स्कूल में भारत सरकार और विधि एवं न्याय मंत्रालय से संबद्ध इस संस्था में जनरल सेक्रेटरी दीपक बनोरिया, प्राचार्य जयराज सिंह भानु की उपस्थिति में झंडा वंदन हुआ। इस अवसर पर रवि अग्रवाल, नगर अध्यक्ष हरीश अग्रवाल, मनमोहन यादव, देवेश पांडे और संजय गुप्ता ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई और उत्कृष्ट बच्चों को पुरस्कृत किया।
एक्सीलेंट पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल सोना सांवरी नाका में ध्वजारोहण संचालक/प्रिंसिपल श्रीमती अंजना तिवारी, डिप्टी डायरेक्टर अथर्व तिवारी और विशेष अतिथि श्रीमती शीतल कपूर ने किया। शिक्षिका मोनिका बड़कोर और पूजा सोनी ने कार्यक्रम का संचालन किया। संचालक संदीप तिवारी ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
शहर की सामाजिक संस्थाओं और पत्रकारिता जगत ने भी स्वतंत्रता दिवस को ऐतिहासिक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
नर्मदापुरम पत्रकार संघ इटारसी ने श्री प्रेम शंकर दुबे स्मृति पत्रकार भवन में संघ ने स्वाधीनता दिवस बेहद धूमधाम से मनाया। मुख्य अतिथि कुमारी मंजू ठाकुर एवं संजय शर्मा ने ध्वजारोहण किया। पत्रकार संघ के उपाध्यक्ष अनिल मिहानी, गिरीश पटेल, मुकेश गांधी, धर्मेन्द्र रणसुरमा ने पुष्प गुच्छ से अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर अध्यक्ष प्रमोद पगारे सहित सुधांशु मिश्रा, भूपेंद्र विश्वकर्मा, राजेश दुबे, पुनीत दुबे, राहुल शरण, शैलेंद्र पाली, रामबाबू, दिलीप शर्मा, संजीव यादव, तौसीफ खान, घनश्याम तिवारी, सुनील दुबे और मनीष पटेल जैसे पत्रकार मौजूद रहे।

पूज्य पंचायत सिंधी समाज ने सिंधी कॉलोनी स्थित सिंधु भवन में सुबह 9:30 बजे राष्ट्रभक्ति का अनुपम नजारा दिखा। समाज के उपाध्यक्ष श्रीचंद खुरानी ने ध्वजारोहण किया। इस गरिमामय आयोजन में संरक्षक मोहन लाल मोरवानी, अध्यक्ष कैलाश नवलानी, पार्षद कन्हैया लाल मिहानी, एल्डरमैन नरेश मेघानी, सचिव मनीष वसानी, कोषाध्यक्ष सोनू परयानी, और विधि सलाहकार संतोष गुरयानी मंचासीन रहे। अतिथियों ने अपने उद्बोधन से समाजबंधुओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रगाढ़ किया।
वार्ड 6 शक्ति केंद्र इंद्रपुरा ओवर ब्रिज के पास पुरानी इटारसी स्थित भाजपा के शक्ति केंद्र में राष्ट्रभक्ति का एक अलग ही उत्साह देखने को मिला। यहां वरिष्ठ नेता दिलीप मैना और वार्ड के वयोवृद्ध नागरिक बनवारी बाबूजी ने भारत माता के चित्र का पूजन कर तिरंगा फहराया। कार्यक्रम में पूरे जोश के साथ वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारे गूंज उठे। आजादी की खुशी में केक काटा गया और बनवारी बाबूजी ने उपस्थित जनसमूह से सदैव राष्ट्रहित में कार्य करने का भावपूर्ण निवेदन किया।
रॉयल ट्रिनिटी स्कूल एवं सीआईटीएस के ऑडिटोरियम में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह अत्यंत उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। प्रात: 8:15 बजे आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत देश के लिए प्रार्थना से हुई, जिसके पश्चात शानदार परेड निकाली गई। समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. केएस उप्पल ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान का नेतृत्व किया और अपने विशेष संबोधन से सभी को प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने मिजो सांस्कृतिक गीत, देशभक्ति से ओत-प्रोत विशेष गीत और आकर्षक समूह नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। कार्यक्रम के अंत में श्रीमती एलिजाबेथ थॉमस ने राष्ट्र की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की और बच्चों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भी सफल आयोजन किया गया।

अंजुमन नुरुल इस्लाम स्कूल में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन बहुत धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ किया गया। सुबह 9:30 बजे स्कूल कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद अयूब खान ने तिरंगा फहराया, जिसके उपरांत सभी ने गर्व के साथ राष्ट्रगान गाया। इस विशेष अवसर पर उपस्थित कमेटी के सदस्यों ने राष्ट्रीय पर्व के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए बच्चों को आजादी के मूल्यों से अवगत कराया। कार्यक्रम में अब्दुल रशीद कुरैशी, मो. रफीक खान, हफिजा खान सहित कई गणमान्य लोग, शिक्षक और छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
आनन्द पब्लिक स्कूल में भी आजादी का यह पावन पर्व उल्लासपूर्वक मनाया, जहां श्रीमती भारती गुरबाणी ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया और बच्चों को अच्छे नागरिक बनने की शपथ दिलाई। बच्चों ने शानदार देशभक्ति गीतों, नृत्यों और विशेष रूप से अमर शहीद भगत सिंह के जीवन पर आधारित एक भावपूर्ण नाटक का मंचन कर उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्कूल के संचालक विजयपाल मनवानी ने आजादी के महत्व और बच्चों के सुरक्षित भविष्य पर अपने विचार साझा किए। इस आयोजन में लायंस क्लब, सिंधु विकास समिति और पूज्य पंचायत इटारसी के सदस्यों के बड़ी संख्या में पालक मौजूद रहे। प्राचार्या एवं प्रबंधन के निर्देशन के बीच श्रीमती प्रिया मनवानी ने सभी का आभार व्यक्त किया।












