इटारसी। समीपस्थ ग्राम भीलाखेड़ी स्थित तैलिक साहू समाज के प्राचीन एवं श्रद्धा के केंद्र ‘कालाबाबा चबूतरा’ के पुनर्निर्माण के उपरांत आज, 17 जून बुधवार को भव्य मूर्ति स्थापना और प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन किया जा रहा है। वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश के साहू इटारसी ने बताया कि ‘चोंतरा कालाबाबा’ क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं सहित विशेष रूप से ‘खटोलाबार गोत्र’ के सामाजिक बंधुओं की अगाध आस्था का केंद्र है। इस क्षतिग्रस्त चबूतरे का भव्य पुनर्निर्माण तैलिक साहू समाज के सहयोग से ‘श्रीमती लक्ष्मीबाई कोदूलाल साहू चूना वाला चैरिटेबल ट्रस्ट’ द्वारा कराया गया है।
धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम
- प्रात : 10 बजे से विद्वान पंडित चंद्रकिशोर नगाइच एवं पंडित शरमन नगाइच के सानिध्य में वैदिक विधि-विधान से धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ हुए।
- श्री गणेश पूजन, जलाधिवास, अन्नाधिवास, फलाधिवास एवं मंडल पूजन।
- हवन पूजन एवं महाआरती।
विशेष आकर्षण : संध्या 5 बजे महाआरती के उपरांत पंडित सुमितानंद महाराज के मुखारविंद से संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा।
भोजन प्रसादी (भंडारा)
धार्मिक अनुष्ठानों की पूर्णाहुति के पश्चात विशाल भोजन प्रसादी (भंडारे) का आयोजन किया गया है। निवेदक महेश साहू एवं रमेश के साहू (एडवोकेट), चूनावाला साहू परिवार इटारसी ने सभी श्रद्धालुओं, ग्रामवासियों एवं धर्मप्रेमी बंधुओं से सपरिवार पधारकर पुण्य लाभ अर्जित करने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।











