- जूनियर छात्रों ने सीनियर को दी भावभीनी विदाई
- 15 मई से शुरू हुई नए सत्र की ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया
इटारसी। शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय इटारसी का परिसर उस वक्त बेहद भावुक और यादगार पलों का गवाह बन गया, जब जूनियर विद्यार्थियों ने अपने सीनियर (अंतिम वर्ष मैकेनिकल इंजीनियरिंग) के छात्रों के लिए एक शानदार विदाई समारोह का आयोजन किया। संस्था के प्राचार्य आरके चोलकर के कुशल निर्देशन में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में जहां एक ओर विदाई का दर्द साफ नजर आया, वहीं दूसरी ओर नए सफर पर निकलने का उत्साह भी युवाओं के चेहरों पर साफ देखा गया।
‘जहां जाएं, संस्था और देश का नाम रोशन करें’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य आरके चोलकर ने विद्यार्थियों को जीवन का मूलमंत्र दिया। उन्होंने कहा, “संस्था से आप सिर्फ तकनीकी शिक्षा लेकर नहीं जा रहे हैं, बल्कि यहां से सीखे गए अनुशासन, मानवीय मूल्य, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता को अपने जीवन में उतारें। आप जहां भी जाएं, पूरी लगन, परिश्रम और कर्तव्यनिष्ठा के साथ उस संगठन के हित में काम करें।”
इसी क्रम में मैकेनिकल विभागाध्यक्ष विकास सिद्धू ने छात्र-छात्राओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि अब आप पर एक नई और बड़ी जिम्मेदारी है। भविष्य के प्रति सजग रहकर ही सफलता पाई जा सकती है। आपको समाज और देश के विकास की दिशा में अपनी ऊर्जा लगानी है।
“पता ही नहीं चला 3 साल कैसे बीत गए
विदाई समारोह के दौरान अंतिम वर्ष के छात्र अपने बीते दिनों को याद कर बेहद भावुक हो गए। विद्यार्थियों ने कविताओं और भाषणों के माध्यम से अपने प्रोफेसर्स की कार्यशैली और उनके स्नेह को याद किया।छात्रों ने रुँधे गले से कहा, “3 साल का यह खूबसूरत सफर कैसे पंख लगाकर उड़ गया, पता ही नहीं चला। खेलकूद की वो तैयारियां परिसर की मस्ती, लेबोरेटरी और वर्कशॉप में प्रैक्टिकल करना और समय सीमा में लैब रिकॉर्ड फाइल जमा करने की वो भागदौड़… ये वो पल हैं जिन्हें हम शब्दों में बयान नहीं कर सकते। हम बेहद सौभाग्यशाली हैं कि हमें इस शिक्षा के मंदिर में न केवल बेहतरीन ज्ञान मिला, बल्कि कॉलेज में आई कंपनियों के माध्यम से प्लेसमेंट पाकर हमारा भविष्य भी सुरक्षित हुआ।”
विकास, यशवंत बने ‘मिस्टर फेयरवेल’ खुशी के सिर सजा ‘मिस फेयरवेल’ का ताज
इस फेयरवेल पार्टी में छात्र-छात्राओं के टैलेंट और ग्रूमिंग को देखते हुए विशेष खिताबों से नवाजा गया। इस वर्ष ‘मिस्टर फेयरवेल’ का सम्मान संयुक्त रूप से विकास कोसे एवं यशवंत यादव को दिया गया, जबकि ‘मिस फेयरवेल’ का प्रतिष्ठित अवार्ड कुमारी खुशी के नाम रहा। इस भावुक और यादगार अवसर पर विभागाध्यक्ष श्रीमती पल्लवी नरवरे, राम कुमार उइके, आकाश गर्ग, भूपेंद्र जोठे, प्रबल गौर, लखन लाल कोरी, निलेश गोर, हरिओम नरवरे, प्रवेश चौरे, अंकित मिश्रा, आशीष चौरे, योगेश बरकने, आदर्श मालवीय, श्रीमती इति महालहा, शिवांगी मालवीय, कुमारी नेहा केदार, नैनी पटेल, श्रीमती अनीता वर्मा, सोनिया अग्रवाल, हेमलता शुक्ला सहित संस्था के समस्त प्राध्यापकों और स्टाफ ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देकर उनके उज्जवल भविष्य और उच्च शिक्षा की कामना की।
नए सफर की शुरुआत: प्रवेश प्रक्रिया ऑनलाइन शुरू
विदाई के इस दौर के बीच, तकनीकी क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए एक और बड़ी खबर है। शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय इटारसी के चारों प्रमुख डिप्लोमा पाठ्यक्रमों मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग, और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में नए दाखिले के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सीनियर छात्रों ने अपने गुरुओं से आशीर्वाद लेते हुए संकल्प लिया कि वे अपने छोटे भाई-बहनों को इस बेहतरीन संस्थान में प्रवेश लेने के लिए प्रेरित करेंगे और उनका मार्गदर्शन करेंगे।
प्रवेश से जुड़ी महत्वपूर्ण तारीखें
प्रक्रिया का विवरण – महत्वपूर्ण तिथियां
- ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन – 15 मई से 29 मई 2026 तक
- रजिस्ट्रेशन में त्रुटि सुधार – 30 और 31 मई 2026
- ऑनलाइन चॉइस फिलिंग – 15 मई से 02 जून 2026 तक
डिप्लोमा कोर्स करने के इच्छुक उम्मीदवार समय सीमा के भीतर अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग सुनिश्चित कर सकते हैं। मार्गदर्शन के लिए संस्थान से संपर्क किया जा सकता है।












