इटारसी। ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती और सिंचाई के लिए पर्याप्त आपूर्ति न मिलने से परेशान किसानों का धैर्य गुरुवार रात जवाब दे गया। खेतों में सूखती फसलों और बार-बार होने वाली ट्रिपिंग से आक्रोशित रैसलपुर, व्याबरा, निटाया और चंदपुरा के ग्रामीणों ने आधी रात को ब्यावरा सब-स्टेशन पर धावा बोल दिया और नर्मदापुरम-इटारसी हाईवे जाम कर अपना विरोध दर्ज कराया।
सिंचाई संकट ने बढ़ाया आक्रोश, एक घंटे थमे रहे पहिए
किसानों का आरोप है कि लोड सेटिंग के नाम पर विभाग दिन-रात मनमानी कटौती कर रहा है, जिससे न केवल घरेलू जनजीवन अस्त-व्यस्त है, बल्कि फसलों की सिंचाई पूरी तरह से ठप हो गई है। इसी समस्या से तंग आकर रात करीब 11 बजे सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण सब-स्टेशन पहुंचे। विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ नारेबाजी करते हुए किसानों ने हाईवे 69 पर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक चले इस जाम से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
अधिकारियों के पसीने छूटे, रजिस्टर में दर्ज किया आश्वासन
आधी रात को हाईवे जाम होने और किसानों के उग्र प्रदर्शन की खबर मिलते ही बिजली विभाग के डीई पवार आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। आक्रोशित भीड़ को शांत करने के लिए उन्हें विभाग के ही रजिस्टर में अपना आश्वासन दर्ज करना पड़ा। डीई ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि अब संबंधित गांवों में घरेलू उपयोग के लिए 24 घंटे और कृषि कार्य के लिए प्रतिदिन 10 घंटे निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
अब आधिकारिक लेटरपैड पर लिखित आदेश का इंतजार
डीई पवार ने ग्रामीणों को यह भी आश्वासन दिया है कि भविष्य में लोड सेटिंग या अघोषित कटौती के नाम पर बिजली बंद नहीं की जाएगी। प्रदर्शनकारी किसानों ने बताया कि डीई ने आधिकारिक लेटरपैड पर भी इस संबंध में लिखित आदेश जारी करने की बात कही है। फिलहाल किसानों ने आश्वासन के बाद चक्काजाम खोल दिया है, लेकिन वे अब विभाग के उस लिखित आदेश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, ताकि उनकी फसलों को नियमित पानी मिल सके।











