इटारसी। भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने नर्मदापुरम् कलेक्टर सुश्री सोनिया मीणा से मुलाकात कर किसानों से संबंधी समस्याओं के निराकरण की मांग की है।
जिला सहमंत्री रजत दुबे ने बताया कि वर्तमान में किसान संबंधी समस्याएं जैसे ग्रीष्मकालीन मूंग का भुगतान किसानों को नहीं हुआ है, किसान कर्ज लेकर अगली फसल की तैयारियां कर रहा है, शीघ्र ही भुगतान किया जाए, किसानों को सिंचाई हेतु पर्याप्त 10 घंटे बिजली आपूर्ति की जाए तथा घरेलू बिजली 24 घंटे निर्बाध आपूर्ति की जाए, वर्तमान में फाल्ट ट्रिपिंग जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
वर्तमान में व्याप्त डेंगू मलेरिया से बचाव हेतु ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर मानिटरिंग की जाए, समस्त ब्लाकों में मच्छरदानियों का वितरण किया जाए, सोयाबीन का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 6000 रुपए क्विंटल की जाए, वर्तमान में घोषित समर्थन मूल्य कम है जिससे लागत भी निकलना मुश्किल है, सहित अन्य समस्याओं पर चर्चा की।
ये रहे उपस्थित
बैठक में प्रतिनिधिमंडल के संभागीय अध्यक्ष सर्वज्ञ दीवान, जिला अध्यक्ष ओमकार सिंह राजपूत, जिला मंत्री शंकरसिंह पटैल, जिला सहमंत्री रजत दुबे उपस्थित रहे।












