इटारसी। नर सेवा ही नारायण सेवा है, इसी ध्येय वाक्य को चरितार्थ करते हुए ग्राम बमोरी के किसानों ने सेवा भारती के सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर सहयोग किया है।
सेवा भारती जिला नर्मदापुरम ने आशा महेंद्र जनजाति बालिका छात्रावास धुरपन, इटारसी के लिए अनाज संग्रह अभियान चलाया। कृष्णकुमार शर्मा के सहयोग से ग्राम बमोरी में आयोजित बैठक में करीब 20 प्रगतिशील किसान शामिल हुए। विभाग समन्वय शिवप्रताप सिंह ने जिले में संचालित सेवा भारती के प्रकल्पों और छात्रावास की गतिविधियों से ग्रामीणों को अवगत कराया।
बैठक में मौजूद सभी किसानों ने स्वेच्छा से अनाज दान किया और संकल्प लिया कि भविष्य में भी हर फसल आने पर वे अपनी उपज का एक हिस्सा इन बालिकाओं की शिक्षा और पोषण के लिए दान करेंगे। समाज के सहयोग से संचालित इन प्रकल्पों में बमोरी वासियों के उत्साह को देखते हुए सेवा भारती समिति ने सभी किसान भाइयों का हृदय से आभार व्यक्त किया है।










