इटारसी। थाना रामपुर गुर्रा के अंतर्गत ग्राम बछुआ में एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां ब्याज के पैसों के लेनदेन को लेकर मानसिक रूप से प्रताडि़त किए जाने से परेशान होकर एक 22 वर्षीय युवक ने जहर खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मनीष 22 वर्ष, पिता प्रेमसिंह राजपूत, निवासी ग्राम बछुआ को आरोपी संदीप गौर 36 वर्ष, पिता संतोष गौर निवासी वार्ड नं. 21, अब्दुल हमीद नगर नाला मोहल्ला, इटारसी, हाल मुकाम न्यू यार्ड, रेलवे स्कूल के पास, इटारसी ने ब्याज के पैसों को लेकर लंबे समय से मानसिक रूप से अत्यधिक प्रताडि़त किया जा रहा था। आरोपी की इसी प्रताडऩा और धमकी से तंग आकर मनीष ने 01 जून की दोपहर करीब 03:30 बजे वीरेंद्र राजपूत के खेत ग्राम बछुआ, में जहर खा लिया था।
इलाज के दौरान तोड़ा दम, पुलिस ने दर्ज किया केस
जहर खाने के बाद युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान 26 जून की दोपहर उसकी मृत्यु हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए रामपुर गुर्रा थाने के उप निरीक्षक संजीव पवार ने त्वरित कार्रवाई की। जांच में आरोपी संदीप गौर द्वारा मृतक को मानसिक रूप से प्रताडि़त करने की बात सही पाए जाने पर, रामपुर गुर्रा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है।











