इटारसी। सतपुड़ा टाइगर रिज़र्व के बोरी अभयारण्य से एक बड़ी खबर सामने आई है। वन्यजीव के साथ गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार करने के मामले में बोरी अभयारण्य के अधीक्षक और प्रभारी सहायक संचालक इटारसी विनोद कुमार वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सतपुड़ा टाइगर रिज़र्व की फ़ील्ड डायरेक्टर (क्षेत्र संचालक) राखी नंदा ने इस संबंध में निलंबन आदेश जारी किया है। विनोद वर्मा का प्रभार फ़िलहाल पचमढ़ी में पदस्थ संजीव कुमार शर्मा को सौंप दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
पिछले दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो और तस्वीरें जमकर वायरल हुई थीं, जिसमें विनोद कुमार वर्मा चूरना क्षेत्र में एक वन्यजीव (सांभर) को पोहा खिलाते और उसके साथ अस्वाभाविक व्यवहार करते नजर आ रहे थे। वन्यजीवों को मानवीय खाद्य पदार्थ खिलाना और उनके प्राकृतिक व्यवहार में दखल देना वन्यप्राणी संरक्षण नियमों के खिलाफ माना जाता है। इस वीडियो के सामने आने के बाद भोपाल के वन्यप्राणी विशेषज्ञ ने वरिष्ठ अधिकारियों से इस मामले की लिखित शिकायत की थी और सख्त कार्रवाई की मांग उठाई थी।
नियमों के उल्लंघन पर गिरी गाज
वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए क्षेत्र संचालक राखी नंदा द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि विनोद वर्मा द्वारा वन्यजीव (सांभर) के साथ अस्वाभाविक व्यवहार करना उनके मूलभूत शासकीय कर्तव्यों के विपरीत है। इस कृत्य में उनके द्वारा गंभीर लापरवाही एवं असंवेदनशीलता बरती गई, जो म.प्र. सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 03 का स्पष्ट उल्लंघन है।”
पिपरिया रहेगा मुख्यालय
निलंबन की इस अवधि में विनोद कुमार वर्मा का मुख्यालय कार्यालय सहायक संचालक पिपरिया, सतपुड़ा टाइगर रिज़र्व निर्धारित किया गया है। वे क्षेत्र संचालक की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। इस कार्रवाई के बाद से वन विभाग के गलियारों और सोशल मीडिया पर यह मामला लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है।











