नर्मदापुरम। जिले के झिरिया-मटकुली मार्ग पर शुक्रवार शाम एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से एक मादा तेंदुआ शावक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (एसटीआर) का अमला तुरंत मौके पर पहुंचा और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मृत शावक के शव को अपनी सुरक्षित अभिरक्षा में ले लिया। प्राथमिक जांच में वन विभाग ने पाया है कि मृत तेंदुए के सभी अंग पूरी तरह से सुरक्षित हैं।
आज होगा पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने बताया कि घटना शुक्रवार देर शाम की है। सूर्यास्त के बाद रात्रि होने के कारण वन विभाग के तय एसओपी और नियमों के अनुसार पोस्टमार्टम एवं अन्य वैधानिक कार्यवाही शुक्रवार रात को नहीं की जा सकी। शनिवार, 3 अक्टूबर की सुबह वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और अधिकृत पशु चिकित्सक की उपस्थिति में एसओपी के अनुरूप मृत तेंदुआ शावक का पोस्टमार्टम किया जाएगा। इसके उपरांत पूरी पारदर्शिता और नियमानुसार शावक के शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटा अमला
सड़क हादसे में वन्यजीव की मौत के बाद वन विभाग ने टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। एसटीआर प्रबंधन द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक जांच की जा रही है और वाहन चालक के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।










