इटारसी। शहर की बाजार व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे और सीएमओ सुश्री सुरेखा जाटव ने सब्जी मंडी और फल बाजार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सब्जी मंडी के सामने फल व्यवसाय करने वाले विक्रेताओं को सख्त लहजे में अंतिम चेतावनी देते हुए निर्देश दिए कि वे केवल निर्धारित स्थानों पर ही अपनी दुकानें लगाएं।
नपा अध्यक्ष ने दो टूक शब्दों में कहा कि निर्धारित स्थान के अतिरिक्त सड़क, फुटपाथ या अन्य किसी जगह पर दुकान लगाने वालों पर अब सीधे जब्ती की कार्रवाई होगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के ठेले और सामग्री बिना किसी पूर्व सूचना के मौके पर ही जब्त कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों और व्यापारियों की सुविधा के लिए बनाई गई इस व्यवस्था का पालन न करने वालों को कोई रियायत नहीं मिलेगी। इस निरीक्षण के दौरान नगरपालिका का अतिक्रमण दस्ता और स्वच्छता विभाग के कर्मचारी कमलकांत बढ़गोती एवं कमल आर्य सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।










