इटारसी। शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर विचरण करने वाले आवारा व खुले गौवंश पर नियंत्रण के लिए नगर पालिका प्रशासन ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में नगर पालिका की टीम ने वार्ड क्रमांक 34 में कार्रवाई करते हुए खुले में गौवंश छोड़ने पर संबंधित मालिक से 3 हज़ार रुपए का अर्थदंड वसूला।
भविष्य के लिए लिया लिखित आश्वासन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 34 निवासी गौवंश मालिक नरेश ठाकुर द्वारा अपने गौवंश को खुले में घूमने के लिए छोड़ दिया गया था। नगर पालिका अमले ने नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए उन पर 3 रुपए का जुर्माना लगाया। इसके साथ ही उनसे लिखित में वचनपत्र भी लिया गया कि वे भविष्य में अपने गौवंश को खुले में नहीं छोड़ेंगे।
नियमों का पालन न करने पर होगी सख्त कार्रवाई
नगर पालिका प्रशासन ने शहर के सभी गौवंश पालकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को बांधकर रखें अथवा नियमानुसार व्यवस्था करें। शहर की यातायात व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। नगर पालिका ने चेतावनी दी है कि उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित मालिकों के खिलाफ जुर्माना और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।











