- निलंबित वनकर्मी और उसके बेटों पर सरकारी काम में बाधा, अभद्रता व जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज
इटारसी। नर्मदापुरम जिले के केसला अंतर्गत बानापुरा क्षेत्र की चिचवानी बीट में सागौन के पेड़ों की अवैध कटाई और वन विभाग की कार्रवाई के दौरान हुए विवाद के मामले में अब पुलिस ने भी सख्त कदम उठाया है। केसला थाने में कार्यवाहक वनपाल (सस्पेंड) और उसके तीन बेटों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, गाली-गलौज, मारपीट का प्रयास और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। शुरुआत में पुलिस द्वारा मामला दर्ज करने में हीलाहवाली किए जाने और विलंब का हवाला देने पर मामला पुलिस अधीक्षक (एसपी) तक पहुंचा, जिसके बाद आखिरकार देर रात यह गंभीर प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
यह था पूरा घटनाक्रम
बीते 20 सितंबर को वन विभाग की टीम को बानापुरा की चिचवानी बीट (क्रस्न-117) में अवैध रूप से सागौन के पेड़ों की कटाई और ट्रैक्टर-ट्रॉली से लकड़ी परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। वन मंडल अधिकारी नर्मदापुरम (सामान्य) गौरव शर्मा के निर्देशन में बानापुरा परिक्षेत्र अधिकारी मयंक पांडेय, परिक्षेत्र सहायक खेरा, वनपाल मनीष कुमार चौधरी और बीट गार्ड गजेन्द्र सिंह सैयाम मौके पर पहुंचे थे। मौके से विभाग ने सागौन के 21 ल_े और लकड़ी ढो रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया था। कार्रवाई के दौरान विवाद उस वक्त बढ़ गया जब मौके पर मौजूद वनकर्मी (कार्यवाहक वनपाल) राजेन्द्र प्रसाद वर्मा के बेटों ने हस्तक्षेप किया।
रेंजर से अभद्रता और सब्बल दिखाकर धमकाने का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्रवाई के दौरान वनकर्मी राजेन्द्र प्रसाद वर्मा के बेटे मोहित वर्मा ने रेंजर मयंक पांडेय के साथ तीखी बहस की, अभद्रता की और जब्त वाहन को छुड़ाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने शासकीय अमले को सब्बल दिखाकर धमकाया और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के तूल पकडऩे पर डीएफओ गौरव शर्मा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संलिप्त वनकर्मी राजेन्द्र प्रसाद वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था। इसके साथ ही, पकड़ी गई ट्रैक्टर-ट्रॉली को राजसात करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
इन पर दर्ज हुआ अपराध
केसला पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर के अनुसार, इस मामले में चार आरोपियों राजेन्द्र प्रसाद वर्मा (निलंबित कार्यवाहक वनपाल, निवासी ग्वाल टोली, नर्मदापुरम, हाल मुकाम चिचवानी फॉरेस्ट नाका, सोहित वर्मा उम्र 20 वर्ष, मोहित वर्मा उम्र 18 वर्ष और राकेश वर्मा उम्र 18 वर्ष को नामजद किया है। सभी आरोपी ग़्वाल टोली, नर्मदापुरम के निवासी हैं। वन विभाग के वन अपराध प्रकरण के बाद अब पुलिस थाने में भी गंभीर धाराओं में केस दर्ज होने से मामले में विभागीय और कानूनी शिकंजा कसता नजर आ रहा है।











