इटारसी। विधानसभा सत्र के दौरान क्षेत्र के विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा द्वारा उठाए ध्यानाकर्षण प्रश्नों का उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नर्मदापुरम और इटारसी से जुड़े दो महत्वपूर्ण वित्तीय अनियमितता मामलों में शासन का पक्ष रखा।
उन्होंने बताया कि नगर पालिका नर्मदापुरम में जनता से वसूले गए टैक्स में लगभग 7.78 करोड़ रुपये की हेराफेरी के मामले में पुलिस प्रशासन द्वारा मामला दर्ज कर लिया है। आवेदक अभय वर्मा की शिकायत पर अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) द्वारा की गई प्राथमिक जांच में राशि गबन और धोखाधड़ी के तथ्य सही पाए गए। इसके आधार पर थाना कोतवाली में भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 408 के तहत अपराध पंजीकृत कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
वही दूसरे मामले में, इटारसी स्थित रामनारायण उपभोक्ता भंडार एवं स्वामीनारायण उपभोक्ता भंडार के अध्यक्षों पर फर्जी व जाली हस्ताक्षर कर कूट रचना, धोखाधड़ी एवं गबन के आरोप लगाए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि जिला दंडाधिकारी नर्मदापुरम द्वारा 23 जून 2026 को कार्रवाई हेतु पुलिस अधीक्षक को पत्र प्रेषित किया था। इस शिकायत की विस्तृत जांच वर्तमान में थाना इटारसी द्वारा की जा रही है।




























