इटारसी। पथरोटा थाने के अंतर्गत ग्राम जमानी में एक आदिवासी ने फांसी लगा ली। घटना को आत्महत्या माना जा रहा है। घटना बीती रात 3 से 4 बजे के बीच की बतायी जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार जमानी निवासी अनिल इरपाचे, 40 वर्ष की पत्नी महिमा इरपाचे ने डायल हंड्रेड पर सूचना दी थी अनिल नशे की हालत में पूरे परिवार को गाली गलौज एवं परेशान कर परिवार वालों को मारने की धमकी दे रहा था। उसकी इस हरकत से परेशान उसकी पत्नी एवं परिवार के लोग गांव में ही परिचितों के यहां चले गये। बताते हैं कि रात में घर के अंदर अनिल ने कमरा बंद करके फांसी लगा ली।
आदिवासी सेवा समिति तिलक सिंदूर के मीडिया प्रभारी विनोद वारीबा ने बताया कि उसकी पत्नी से रात लगभग 10:30 बजे कॉल पर बात हुई तो उसकी पत्नी ने बताया था कि अनिल पूरे परिवार को परेशान कर रहा है, थाना पथरोटा में सूचना दी तो डायल हंड्रेड पहुंची और उससे रस्सी छुड़ाकर एवं समझाइश देकर पुलिस वापस आ चली गयी। अनिल ने रात में घर के अंदर रखी बिजली प्रेस की डोरी से फंदा डालकर आत्महत्या कर ली। पथरोटा पुलिस ने मामला जांच में लिया है।









