इटारसी। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के न्यू मार्केट स्थित समन्वय भवन (अपैक्स बैंक ऑडिटोरियम) में आगामी 5 अप्रैल 2026 को ‘मत्स्य प्रकोष्ठ प्रदेश सम्मेलन’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। सहकार भारती मत्स्य प्रकोष्ठ के तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में प्रदेशभर की मत्स्य पालन सोसायटियों के अध्यक्ष और सदस्य सम्मिलित होकर मत्स्य पालन के क्षेत्र में सहकारिता और नई संभावनाओं पर मंथन करेंगे।
नर्मदापुरम संभाग प्रभारी कैलाश रायकवार ने बताया कि प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक उद्घाटन सत्र और मुख्य चर्चाएं आयोजित की जाएंगी। इस समागम का मुख्य उद्देश्य मछुआरा समाज और मत्स्य पालकों को सशक्त बनाना एवं सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग एवं मछलीपालन मंत्री नारायण सिंह पंवार उपस्थित रहेंगे। साथ ही, सहकार भारती मत्स्य प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंती भाई केवट का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त होगा। कार्यक्रम में सहकार भारती के प्रदेश संगठन मंत्री राधेश्याम जलक्षत्रिय एवं मत्स्य प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-प्रमुख धनीराम रायकवार सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल होंगे। मत्स्य प्रकोष्ठ ने प्रदेश के सभी मत्स्य पालकों और समितियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें।










