इटारसी। खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से आज सेंट जोसफ कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल इटारसी में इंटर सीबीएसई स्कूल बास्केटबॉल टूर्नामेंट का भव्य आयोजन प्रारंभ हुआ। इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में जिले के सीबीएसई से संबद्धता रखने वाले विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया और अपने खेल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में सेंट मेरी, जीनियस प्लानेट, एकलव्य इंटरनेशनल, सरवाइट कॉन्वेंट नर्मदापुरम और मेजबान सेंट जोसफ कॉन्वेंट स्कूल इटारसी के विद्यार्थी शामिल हुए।
अतिथियों ने किया शुभारंभ
प्रतियोगिता का शुभारम्भ मुख्य अतिथि इटारसी टीआई गौरव बुंदेला, वरिष्ठ अधिवक्ता पारस जैन, व्यवसायी सुनील जैन, शासकीय महात्मा गांधी कॉलेज इटारसी से खेल अधिकारी संजीव कैथवास एवं हिंदी विभागाध्यक्ष मनीष चौरे ने किया। सिस्टर मैनेजर एलिस, शाला प्राचार्य सिस्टर पुष्पा और उप प्राचार्य सिस्टर मेटिल्डा भी मंच पर उपस्थित रहीं।
रंगारंग प्रस्तुतियां और खेल भावना का संदेश
दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर शाला के छात्र-छात्राओं ने प्रार्थना नृत्य, स्वागत गीत और थीम डांस की रंगारंग प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि श्री बुंदेला ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों को खेल भावना से खेलने का आह्वान किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
शाला प्राचार्य सिस्टर पुष्पा ने भी खिलाडिय़ों को संबोधित किया। इसके बाद, मशाल जलाकर और अतिथियों द्वारा खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारम्भ किया गया।
खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करने के लिए जीनियस प्लानेट स्कूल से जाफर सिद्दीकी सहित अन्य स्कूलों के प्राचार्य एवं डायरेक्टर भी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का फाइनल मैच एवं समापन समारोह कल 29 अक्टूबर 2025 को शाला प्रांगण में आयोजित किया जाएगा।








