नर्मदापुरम। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने गुरुवार को शहर स्थित चाहत मार्केटिंग पर औचक दबिश दी। निरीक्षण के दौरान टीम को गोवर्धन घी एवं नंद कृष्णा घी की गुणवत्ता पर संदेह हुआ, जिस पर दोनों ब्रांडों के 04 नमूने (सैंपल) जांच के लिए लिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र सिंह राणा एवं कमलेश एस. दियावार ने जनहित को ध्यान में रखते हुए मौके से 338 किलोग्राम संदिग्ध घी जब्त कर लिया। जब्त सैंपलों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावटखोरों के खिलाफ जिले में यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।











