इटारसी। नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन और कलेक्टर के सख्त निर्देशों के बाद जिले में दूध और दुग्ध उत्पादों में मिलावट रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार 13 अगस्त को खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने नर्मदापुरम और इटारसी के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर औचक कार्रवाई करते हुए सैंपलिंग और जब्ती की।
ब्लिंकिट, रिलायंस स्मार्ट और कर्मा एजेंसी पर दबिश

खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश एस. दियावार ने बताया कि टीम ने नर्मदापुरम स्थित ब्लिंकिट (Blinkit) और रिलायंस स्मार्ट (Reliance Smart) का निरीक्षण कर वहां से पनीर और सोया पनीर के 03 नमूने जांच के लिए लिए हैं। इसके अलावा, इटारसी स्थित कर्मा एजेंसी का भी औचक निरीक्षण किया गया। यहां गुणवत्ता पर संदेह होने के कारण ‘प्योरश्योर’ (Purasure) घी के 04 नमूने लिए गए और मौके से 19.68 किलोग्राम घी तुरंत प्रभाव से जब्त कर लिया गया।
प्रयोगशाला भेजी रिपोर्ट, अभियान रहेगा जारी
कार्रवाई के दौरान लिए गए सभी 07 नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही संबंधित प्रतिष्ठानों पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा पिछले महज 07 दिनों के भीतर जनहित में लगभग 1426 लीटर संदेहास्पद घी जब्त किया जा चुका है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 7 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दूध, दुग्ध उत्पादों और विशेषकर घी की जांच का यह सघन अभियान जिले में निरंतर जारी रहेगा।











