इटारसी। रेलवे बॉयज फुटबॉल क्लब के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय ‘9-ए साइड’ फुटबॉल प्रतियोगिता के चौथे दिन स्थानीय टीमों का दबदबा रहा। कड़े मुकाबलों के बीच रेलवे बॉयज जूनियर और रेलवे बॉयज अंडर-17 ने अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में जगह बनाई।
मैचों का रोमांच
पहला मैच: दिन का पहला मुकाबला रेलवे बॉयज जूनियर विरुद्ध एनएफसी के बीच खेला गया। रेलवे बॉयज ने शानदार तालमेल दिखाते हुए 2-0 से जीत दर्ज की। इस मैच में डालचंद राज, रवि हरदुआ, आशीष डेविड, राकेश और अंकुश मसीह ने रेफरी की भूमिका निभाई।
दूसरा मैच: दूसरा मुकाबला रेलवे बॉयज अंडर-17 और बनापुरा के मध्य हुआ। मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि अशोक साकल्ले, विधानसभा युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष गौतम मैना, जूनियर इंस्टीट्यूट सचिव जो एल्विन और दयाराम सहित योगेश भूषण ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। रोमांचक खेल का प्रदर्शन करते हुए रेलवे बॉयज ने बनापुरा को 3-0 से करारी शिकस्त दी। मैच में अंकुश रेफरी रहे, जबकि नेहल पारे और अंशज ने लाइनमैन की जिम्मेदारी संभाली।
कल के मुकाबले
प्रतियोगिता के अगले चरण में कल पिपरिया फुटबॉल क्लब, गुरुकुल फुटबॉल क्लब, यंग बॉयज और फाइटर फुटबॉल क्लब के बीच भिड़ंत होगी। इसके साथ ही एक विशेष ‘लीजेंड मैच’ भी आकर्षण का केंद्र रहेगा, जो नेशनल फुटबॉल क्लब 33 वर्ष से ऊपर के खिलाड़ी और नया यार्ड जागृति फुटबॉल क्लब के बीच खेला जाएगा।पूरे आयोजन के दौरान मंच संचालन और आंखों देखा हाल राजेश यादव ने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।










