इटारसी। नर्मदापुरम संभाग के बालिकाओं के संरक्षण एवं पुनर्वास केंद्र मुस्कान बालिका गृह में एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार नवजात शिशु के जन्म की गूंज सुनाई दी है। हरदा जिले से आई एक नाबालिग पीडि़ता ने बुधवार को श्यामा प्रसाद मुखर्जी चिकित्सालय में चिकित्सकों की देखरेख में एक स्वस्थ पुत्री को जन्म दिया। फिलहाल मां और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए बाल कल्याण समिति, हरदा को आधिकारिक सूचना भेज दी गई है।
विदिशा के मामले में हुई डीएनए सैंपल की कार्रवाई
इससे पूर्व इसी सप्ताह विदिशा से आई एक अन्य नाबालिग ने पुत्र को जन्म दिया था। इस मामले में कानूनी विवेचना को आगे बढ़ाते हुए बुधवार को विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो), विदिशा के आदेश पर पुलिस टीम इटारसी पहुंची और जिला चिकित्सालय में नवजात का डीएनए सैंपल लिया।
मुस्कान बालिका गृह की भूमिका
नर्मदापुरम संभाग के पांचों जिलों हरदा, विदिशा, नर्मदापुरम, रायसेन और सीहोर से बाल कल्याण समितियों एवं न्यायालयों के आदेश पर संरक्षण की आवश्यकता वाली बालिकाओं को यहां भेजा जाता है। यहां उन्हें आवास, चिकित्सा, परामर्श (काउंसलिंग), शिक्षा एवं पुनर्वास की सुविधा दी जाती है। गर्भवती बालिकाओं के संदर्भ में संबंधित बाल कल्याण समिति, न्यायालय और पुलिस प्रशासन के निर्देशानुसार चिकित्सकीय देखभाल व वैधानिक औपचारिकताएं पूरी की जाती हैं।











