इटारसी। शहर के ओवरब्रिज पर प्रतिबंधित और धारदार मांझे का खूनी खेल एक बार फिर बड़ा हादसा बनते-बनते टल गया। यहां से गुजर रहे पूर्व पार्षद नीलेश मालोनिया अचानक आए मांझे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। धारदार मांझा सीधे उनके चेहरे और आंखों के पास आकर फंस गया। गनीमत यह रही कि उन्होंने चश्मा पहन रखा था, जिससे मांझा चश्मे पर ही अटक गया और उनकी आंखें सुरक्षित बच गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों का मानना है कि यदि चश्मा न होता, तो यह मांझा उनके चेहरे और गर्दन को गंभीर रूप से जख्मी कर सकता था। इस खौफनाक अनुभव के बाद पूर्व पार्षद ने पुलिस प्रशासन और एसडीएम से सख्त कार्रवाई की गुहार लगाते हुए सवाल उठाया है कि क्या प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी और जान जाने का इंतजार कर रहा है? उन्होंने मांग की है कि प्रतिबंधित मांझा बेचने और उपयोग करने वालों के खिलाफ तुरंत ताबड़तोड़ छापेमारी की जाए, ताकि राहगीरों की जान जोखिम में न पड़े।











