- सड़क दुर्घटना में दो, ट्रेन एक्सीडेंट में एक तथा आटा चक्की में गला फंसने से एक मौत
इटारसी। दो लोगों की मौत सड़क दुर्घटना में, एक ट्रेन एक्सीडेंट में हुई तो एक महिला की मौत आटा चक्की के पट्टे में साड़ी फंसकर गला कटने से हो गयी है। पुलिस ने सभी मामलों में प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना केसला अंतर्गत शंकर मंदिर के सामने मालुपुरा में सुखतवा जाने वाले मार्ग पर एक सफेद रंग की पिकअप द्वारा टक्कर मार देने से रामभरोस पिता भैयालाल यादव 38 वर्ष, निवासी छिखलता थाना शाहपुर, जिला बैतूल की मौत हो गयी।
पुलिस ने संजय पिता बाबूलाल कहार की शिकायत पर पिकअप चालक के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। थाना रामपुर गुर्रा अंतर्गत एक मोटर सायकिल एमपी 05 एमवाय 4963 के चालक द्वारा टक्कर मारने से रामस्नेही पिता बोदर यादव 47 वर्ष की मौत हो गयी। इसी तरह से मनोज उर्फ गुड्डू पिता रमेश कहार 40 वर्ष की ट्रेन एक्सीडेंट से मौत हो गयी। पुलिस ने विनोद पिता रमेश कहार, निवासी केसलाखुर्द की शिकायत पर प्रकरण पंजीबद्ध किया है।
साड़ी का पल्लू फंसने से मौत
थाना स्टेशन रोड पिपरिया अंतर्गत मटकुली में एक महिला की आटा चक्की में साड़ी फंसने पर गला कसने से मौत हो गयी। पुलिस के अनुसार सुनील कुमार पिता भागचंद साहू निवासी पिपरिया ने बताया कि धनबाई का साड़ी का पल्लू आटा चक्की में फंस गया जिससे उसका गला कट गया और मौत हो गयी। पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर जांच में लिया है।











