इटारसी। पथरोटा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एमईएस बैरियर इलाके में साइबर धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है। अज्ञात ठगों ने एक व्यक्ति के बैंक खाते से बेईमानी और छलपूर्वक 52,219 रुपये निकाल लिए। पथरोटा पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी लक्ष्मीनारायण छापा 50 वर्ष पिता घासीराम छापा, निवासी एमईएस बैरियर पथरोटा ने अपने साथ हुई ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने धोखे से उनके बैंक अकाउंट से कुल 52,219 रुपये की राशि निकाल ली।
फरियादी को जब अपने साथ हुई इस धोखाधड़ी का अहसास हुआ, तो उन्होंने थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और मामले की विवेचना की जा रही है।











