इटारसी। शहर में साइबर ठगों ने धोखाधड़ी का एक नया तरीका अपनाते हुए प्रसूति सहायता राशि दिलाने के नाम पर एक रेलवे कर्मचारी के परिवार को अपना शिकार बनाया है। ठग ने महिला बाल विकास विभाग का अधिकारी बनकर महिला को झांसे में लिया और लिंक भेजकर बैंक खाते से कई बार में पैसे पार कर दिए। शिकायत के बाद इटारसी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी ऋषि कुमार पठारिया 38 वर्ष, निवासी इंद्रा नगर न्यू यार्ड ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। घटना 14 अगस्त की शाम करीब 4:40 बजे की है, जब फरियादी रेलवे में अपनी ड्यूटी पर थे। उनकी पत्नी के पास एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया, जिसने खुद को महिला बाल विकास विभाग का कर्मचारी बताया। ठग के पास डिलीवरी की तारीख और बच्चे के वजन जैसी सटीक जानकारी थी, जिससे महिला उसकी बातों में आ गई। ठग ने कहा कि डिलीवरी की सरकारी सहायता राशि के लिए वह एक लिंक भेज रहा है, जिसके जरिए एक मामूली राशि भेजनी होगी, उसके बाद पूरी सहायता राशि खाते में आ जाएगी।
महिला का बैंक खाता केवाईसी अपडेट नहीं था, इसलिए उसने अपनी सास का अकाउंट नंबर दे दिया। इसके बाद ठग के बताए अनुसार महिला के ससुर लिंक पर क्लिक करते गए। ठगी का अहसास परिवार को तब हुआ, जब बैंक खाते से लगातार पैसे कटने के मैसेज आने शुरू हुए। आरोपी ने करीब छह से सात बार में खाते से 57,233 रुपए निकाल लिए।
ड्यूटी पर तैनात फरियादी ऋषि कुमार को जब बहन के माध्यम से इस ठगी की जानकारी मिली, तो उन्होंने तत्काल बैंक से संपर्क कर खाते से निकासी बंद करवाई और साइबर सेल में इसकी शिकायत की। इसके बाद थाने में आवेदन दिया। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है।











