इटारसी। आजाद चौक स्थित तीरथ आई केयर और श्याम बालाजी मेडिकोज के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को विशाल निःशुल्क मधुमेह (डायबिटीज) एवं नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। पार्वती कॉम्प्लेक्स, जमानी रोड पर आयोजित इस शिविर में भोपाल के प्रसिद्ध ‘चावलाज विजन केयर’ की टीम ने अपनी सेवाएं दीं।
शिविर के दौरान 70 से अधिक मरीजों की शुगर और आँखों की सूक्ष्म जांच की गई। परीक्षण के दौरान 30 से ज्यादा मरीजों में मधुमेह के कारण होने वाली आँखों के पर्दे की बीमारी (डायबिटिक रेटिनोपैथी) के लक्षण पाए गए, जिन्हें उचित उपचार हेतु भोपाल स्थित डायबिटिक आई क्लिनिक रेफर किया गया।
डॉ. आशुल चावला ने मरीजों को जागरूक करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को शुगर की बीमारी है, तो उसे अनिवार्य रूप से हर 6 महीने में अपनी आंखों के पर्दे की जांच करानी चाहिए, ताकि समय रहते दृष्टि हानि से बचा जा सके। शिविर के सफल आयोजन में ऑप्टोमेट्रिस्ट दुष्यंत जेठवानी और आदित्य महतो का विशेष सहयोग रहा।










