इटारसी। वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ और सागर मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल, भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार, 11 अप्रैल को एक नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर नया यार्ड स्थित रेलवे स्कूल में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा।
महामंत्री अशोक शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में रेलवे कर्मचारियों, उनके परिजनों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों सहित आम नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। शिविर में प्रमुख रूप से आंख, कान और नाक विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ, जनरल फिजिशियन मरीजों का नि:शुल्क परीक्षण कर परामर्श देंगे।
संगठन की सेवा भावना का नया आयाम
मंडल संगठक प्रीतम तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ हमेशा से रेलवे कर्मचारियों के हितों और उनके कल्याण के लिए समर्पित रहा है। भोपाल मंडल के अध्यक्ष आरके शर्मा, सचिव कमलेश परिहार और मुख्य शाखा इटारसी के सचिव योगेश एवं राजेश गौर के कुशल मार्गदर्शन में यह शिविर आयोजित किया जा रहा है।
पदाधिकारियों का कहना है कि संगठन प्रतिदिन रेलकर्मियों की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए भी प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में इस निशुल्क स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से एक नया आयाम स्थापित करने का प्रयास किया गया है ताकि अधिक से अधिक रेलकर्मी और क्षेत्रीय नागरिक लाभान्वित हो सकें।










