इटारसी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत 20 वर्षों से अधिक समय से कार्यरत लगभग 32000 कर्मचारी प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से देते आ रहे हैं। कोरोनाकाल जैसे गंभीर महामारी में भी अपने परिवार एवं जीवन की परवाह किए वगैर सेवाएं दी हैं। इन्हीं सेवाभाव को दृष्टिगत रखते हुए तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 04 जुलाई 2023 को भोपाल में महापंचायत बुलाकर संविदा कर्मचारियों के लिए अनेक घोषणाएं की थी।
परिपालन में सामान्य प्रशासन विभाग ने 23 जुलाई 2023 को संविदा कर्मचारियों के लिए एक नीति की सौगात दी, परन्तु राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन भोपाल ने संविदा कर्मचारियों को दी सुविधाओं में कटौती की है, जिसके विरोध में चरणबद्ध आदोलन करने के साथ वादा खिलाफी रैली 16 अप्रैल 2025 को रैली निकालकर, जिला स्तर पर कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने के पश्चात भी विभाग, शासन ने आज तक कोई निर्णय नहीं लिए।
अब प्रदेश के समस्त एनएचएम के अधिकारी-कर्मचारी 22 अप्रैल 2025 से अनिश्चित हड़ताल पर रहेंगे जिसमें नर्मदापुरम जिले के 534 स्वास्थ्य संविदा अधिकारी कर्मचारी भी शामिल हैंं। प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर पडऩे वाले प्रभाव के लिए शासन, प्रशासन जिम्मेदार होगा। इस दौरान आम जनता को होने वाली असुविधा के लिए संघ ने खेद व्यक्त किया है।