इटारसी। शासकीय महात्मा गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आज, 2 अक्टूबर, को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती अत्यंत श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई। इस अवसर को महाविद्यालय ने ‘अहिंसा दिवस’ के रूप में मनाया। प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में दोनों महान विभूतियों के देश के प्रति योगदान को याद किया गया।
सर्वधर्म भजनों से गूंजा महाविद्यालय
कार्यक्रम में सर्वधर्म प्रार्थना सभा हुई। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के स्वयंसेवकों और महाविद्यालय स्टाफ ने मिलकर गांधी जी के प्रिय धार्मिक भजनों का गायन किया। भजनों के माध्यम से अहिंसा, सत्य और सद्भावना के संदेश को प्रसारित किया गया।
इस अवसर पर, प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता ने विद्यार्थियों और स्टाफ को संबोधित किया।
उन्होंने महात्मा गांधी के आदर्शों और जीवन मूल्यों को आज के समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक बताया। डॉ. मेहता ने गांधी जी के स्वच्छता के प्रति जुनून पर विशेष बल दिया और सभी को अपने परिसर तथा समाज में स्वच्छता बनाए रखने के लिए अभिप्रेरित किया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित थे, जिन्होंने दोनों महान नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।








