इटारसी। पथरौटा थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ऑर्डिनेंस फैक्ट्री (आयुध निर्माणी) क्षेत्र के पुराने खंडहर आवास के पास से एक युवक को अवैध गांजे और पल्सर बाइक के साथ गिरफ्तार किया है।
पथरौटा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक मोनिका गौर से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने ऑर्डिनेंस फैक्ट्री इटारसी के पुराने खंडहर क्वाटर ब्लॉक नंबर 27 (टाइप-ए, क्वाटर नंबर 1209 से 1216 के सामने) पर घेराबंदी कर दबिश दी। वहां पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में खड़े एक युवक को दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुनील 28 वर्ष, पिता सूरज मस्कोले, निवासी बटकुई थाना तवानगर, जिला नर्मदापुरम बताया।
पुलिस ने आरोपी के पास से 2 किलो 600 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार में कुल कीमत करीब 30,000 रुपये है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक पुरानी पल्सर मोटरसाइकिल कीमत करीब 50,000 रुपये भी पुलिस ने जब्त की है। कुल मिलाकर 80,000 रुपये का मशरूका बरामद किया है। पथरौटा थाना पुलिस ने आरोपी सुनील मस्कोले के खिलाफ अपराध दर्ज कर जेल भेज दिया है।











