- गणपति बप्पा मोरया के साथ गणेश प्रतिमाओं का कृत्रिम कुंड में हुआ विसर्जन
इटारसी। आज अनंत चतुर्दशी के मौके पर गणपति दस दिन की मेहमानी करके वापस अपने धाम चले गये। मेजबान भक्तों ने भगवान की दस दिन भरपूर सेवा की और अगले बरस जल्दी आने का वादा लेकर उनके जलस्रोतों में विसर्जित कर दिया। इटारसी में मेहरागांव की पहाड़ी नदी किनारे नगर पालिका ने विसर्जन कुंड बनाया है, जिसमें कल से ही गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला प्रारंभ हो गया था। आज सुबह से घरों में विराजे गणेश और सार्वजनिक पूजा पंडालों में विराजे गणेश को इस कुंड में विसर्जित करके उनको विदाई दी गई।
अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमाओं के विर्सजन के साथ ही दस दिवसीय गणेश महोत्सव का मंगलवार को समापन हो गया। घरों सहित पंडालों में विराजित मिट्टी की गणेश प्रतिमाओं का अनंत चतुर्दशी पर पूजन-पाठ के साथ सुबह से विसर्जन शुरू हुआ। इस दौरान पूरे भक्ति भाव के साथ लोगों ने गाजे-बाजे और डीजे पर नाचते गाते गणपति बप्पा मोरया अगले बरस तू जल्दी आ के उद्घोष के साथ विदाई दी।
बड़ी प्रतिमाओं के लिए क्रेन की व्यवस्था
मेहरागांव नदी के किनारे नगर पालिका ने कृत्रिम कुंड बनाकर उसमें नर्मदा जल मिलाया था। इसी कुंड में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा है। नगर पालिका ने यहां तक पहुंचने के लिए अस्थायी तौर पर सडक़ बनायी है तथा प्रकाश, विद्युत साज-सज्जा तथा सफाई की व्यवस्था की है। यहीं टेंट लगाकर सुरक्षा व्यवस्था भी की गई है, जहां पुलिस कर्मी भी मौजूद हैं। वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। आज सैंकड़ों छोटी-बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन किया है। यहां हाईड्रा मशीन के जरिए बड़े गणेशजी का विसर्जन कुंड में किया जा रहा है।
ढोल नगाड़ा व जयकारों के साथ विदाई
आज मंगलवार का दिन गणपति बप्पा मोरिया के तथा ओम गंग गणपते नम: के जयकार और मंत्र के नाम रहा। भगवान गणेश जी की विदाई से पूर्व घर-घर ‘ओम गंग गणपते नम: महामंत्र गूंजा’। बप्पा की विदाई को लेकर लोग सुबह से ही भगवान गणेश जी की पूजा-अर्चना में लीन थे। कोई भगवान जी का श्रृंगार तो कोई हवन पूजन करते हुए दिखाई दिए। सुबह पूजा-अर्चना के बाद कई लोगों ने अपने घरों पर भगवान गणेश जी की छोटी प्रतिमा का गमलों में या बड़े बर्तन में विसर्जन किया। बहुत लोगों ने नगर पालिका द्वारा बनाये विसर्जन कुंड पर पहुंच कर विसर्जन किया। लोगों ने विसर्जन के दौरान भगवान गणेश जी की आरती कर प्रार्थना की और अगले बरस तू जल्दी आ के जयघोष करके विदाई दी।
चाक-चौबंद रही व्यवस्था
पुलिस ने देर रात तक विसर्जन स्थल पर ड्यूटी की। सोमवार से ही विसर्जन प्रारंभ हो गया था। कल 17 मूर्तियों का विसर्जन हुआ। आज ज्यादातर मूर्तियां विसर्जित कर दी जाएंगी। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए शहर में करीब डेढ़ दर्जन स्थानों पर पाइंट बनाकर पुलिस की ड्यूटी लगायी है जो विसर्जन जुलूस और अन्य चीजों पर निगाहें रखे हुए हैं। दोपहर में टीआई गौरव सिंह बुंदेला ने सभी पाइंटों पर जाकर जायजा लिया और पुलिस कर्मियों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिये।
सीएमओ के साथ नपा कर्मी मौजूद
मेहरागांव नदी किनारे विसर्जन स्थल पर नगर पालिका ने टेंट लगाकर सहायता केन्द्र तैयार किया है। यहां मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती ऋतु मेहरा नगर पालिका कर्मचारियों के साथ मौजूद रहीं और विसर्जन पर नजरें रखीं। नगर पालिका के कर्मचारी विसर्जन में सहयोग कर रहे हैं और कहीं किसी समिति या व्यक्ति को परेशानी आ रही है तो उसका निदान कर रहे हैं।