नगर पालिका द्वारा शिक्षक नगर न्यास क्षेत्र में बायपास सड़क पर, जगदंबा मैरिज गार्डन के पास बनाए गए अनधिकृत कचरा डंपिंग स्पॉट और कचरा जलाने की घटना से स्थानीय रहवासी और स्कूली बच्चे गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे हैं। कचरे से उठने वाले जहरीले धुएँ और बदबू से त्रस्त होकर मंगलवार को वार्ड 17 के नागरिकों ने बायपास पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और चक्काजाम कर दिया।
दो स्कूलों के बच्चे और नागरिक खतरे में
शिक्षक नगर न्यास क्षेत्र के नागरिकों का कहना है कि नगरपालिका द्वारा बेहिसाब कचरा फेंकने और उसमें आग लगाने से पूरा इलाका ‘गैस चेंबर’ में बदल गया है। लगातार जहरीला धुआँ झेलने के कारण बड़ी संख्या में नागरिक दमे, एलर्जी और सांस की गंभीर बीमारियों का शिकार हो रहे हैं।
सबसे बड़ी चिंता डंपिंग स्पॉट के बिल्कुल पास स्थित दो स्कूलों के सैकड़ों बच्चों को लेकर है। अभिभावकों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों को रोजाना यह जहरीला धुआँ निगलना पड़ रहा है, जिससे उनके फेफड़े कमजोर हो रहे हैं। एक अभिभावक ने कहा, “यह स्वास्थ्य पर नहीं, बल्कि हमारे बच्चों के भविष्य पर हमला है।” नागरिकों ने यह भी बताया कि धुएँ के कारण रात में बच्चों को सांस लेने में दिक्कत होती है और यहाँ रहना दूभर हो गया है।
घंटों चक्काजाम और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी
धुएँ और बदबू से परेशान लोगों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। नाराज वार्ड 17 के रहवासियों ने सड़क पर उतरकर नगरपालिका प्रशासन और सीएमओ के खिलाफ तीखी नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान करीब एक घंटे तक चक्काजाम रहा, जिससे बायपास पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा, “या तो कचरा यहाँ से हटाओ, वरना बड़ा आंदोलन होगा।”
नपा अधिकारियों का पक्ष
इस मामले पर नगर पालिका के स्वास्थ्य सभापति राकेश जाधव ने सफाई देते हुए कहा कि उस जगह पर तीन वार्डों का कचरा जमाकर उठाया जाता है, और नपा के अलावा आसपास के लोग भी कचरा फेंक जाते हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि नपा के पास केवल एक जेसीबी मशीन होने के कारण कचरा उठाने में समय लगता है और जानवर कचरा सड़क तक फैला देते हैं। जाधव ने नपाध्यक्ष से दो लोडर मशीन से कचरा उठाने का सुझाव दिया है, जिस पर विचार चल रहा है।
नपाध्यक्ष पंकज चौरे ने कहा कि डंपिंग स्पॉट को जल्द से जल्द कवर्ड करने का प्रयास किया जा रहा है और फिलहाल उस जगह की और बेहतर ढंग से सफाई कराई जाएगी।








