इटारसी/नर्मदापुरम। पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा और सुगमता के लिए स्टेशनों पर आधारभूत संरचना का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। डीआरएम पंकज त्यागी के मार्गदर्शन में जारी इस योजना के तहत इटारसी और नर्मदापुरम स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए कई नए कार्य स्वीकृत किए गए हैं।
इटारसी स्टेशन : 11 नए एस्केलेटर और 6 लिफ्ट की मंजूरी
इटारसी जंक्शन पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते टिकटिंग और आवागमन की व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा रहा है।
- एस्केलेटर : वर्तमान में स्टेशन पर 2 एस्केलेटर हैं, जबकि 2 अन्य का निर्माण कार्य प्रगति पर है। भविष्य के लिए यहां 11 नए एस्केलेटर स्वीकृत किए गए हैं।
- लिफ्ट : वर्तमान में यहां 3 लिफ्ट उपलब्ध हैं, जबकि आगामी योजना में 6 नई लिफ्ट लगाने की मंजूरी दी गई है।
नर्मदापुरम स्टेशन : डिजिटल कनेक्टिविटी और सुगम सफर
नर्मदापुरम स्टेशन पर भी यात्री सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
- लिफ्ट और एस्केलेटर : वर्तमान में यहां 2 लिफ्ट और 2 एस्केलेटर उपलब्ध हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए यहां 2 नई लिफ्ट और 2 नए एस्केलेटर और स्वीकृत किए गए हैं।
- डिजिटल इंडिया : मंडल के अन्य स्टेशनों की तरह नर्मदापुरम में भी यात्रियों को बेहतर डिजिटल कनेक्टिविटी के लिए वाई-फाई की सुविधा मिल रही है।
डिजिटल टिकटिंग पर जोर
सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि यात्रियों के समय की बचत के लिए टिकटिंग व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। मंडल में 40 स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीने और विभिन्न जनसाधारण टिकट बुकिंग केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जिसका लाभ स्थानीय यात्रियों को भी मिल रहा है। इन सुविधाओं के विस्तार से बुजुर्गों, दिव्यांगों और भारी सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने में काफी आसानी होगी।










