इटारसी। मुस्कान बालिका गृह में तहसील विधिक सेवा समिति के तत्वावधान में एक विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित प्रथम जिला न्यायाधीश श्रीमती अनीता खजुरिया ने बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, नि:शुल्क विधिक सहायता, बाल संरक्षण कानूनों और जीवन में शिक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर आयोजित इस शिविर में बाल श्रम उन्मूलन और बच्चों के सुरक्षित व सम्मानजनक जीवन पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंत में मुस्कान बालिका गृह की अधीक्षक श्रीमती सुरेखा धाकड़ ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। शिविर में संस्था की बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं।










