इटारसी। प्रतिभा और कड़े परिश्रम के संगम से सफलता कैसे कदम चूमती है, इसका जीवंत उदाहरण पेश किया है आयुध निर्माणी स्थित केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 के छात्र मोहम्मद कबीर खान ने। इंदौर के आईआईटी परिसर में आयोजित 55वीं अंतर-क्षेत्रीय खेल प्रतियोगिता में कबीर ने अपनी अद्भुत खेल क्षमता का प्रदर्शन करते हुए पदकों की झड़ी लगा दी।
मैदान पर कबीर का त्रिशक्ति प्रदर्शन

कक्षा 12वीं के छात्र मोहम्मद कबीर खान ने प्रतियोगिता के दौरान अपनी बहुमुखी प्रतिभा से सभी को चौंका दिया। लंबी कूद में कबीर ने आसमान छूती छलांग लगाते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। 100 मीटर दौड़ में बिजली जैसी फुर्ती दिखाते हुए कबीर ने सिल्वर मेडल जीता। 200 मीटर दौड़ में स्टेमिना और रफ़्तार के दम पर यहां भी कबीर ने सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया।
उज्ज्वल भविष्य की कामना
कबीर की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर इटारसी और नर्मदापुरम के खेल प्रेमियों में हर्ष व्याप्त है। विद्यालय की प्राचार्य, व्यायाम शिक्षक और समस्त शाला परिवार ने इसे विद्यालय के लिए एक बड़ा गौरव बताया है। कबीर की जीत पर जल संसाधन विभाग स्पोर्ट्स क्लब के क्षेत्रीय अध्यक्ष बशारत खान, आयुध निर्माणी खेल संघ के राजेश रघुवंशी, पिंटू तंवर, रमीज खान, खो-खो संघ के जिला उपाध्यक्ष पंडित अंकित दुबे, सचिव अश्विनी मालवी, और तवा परियोजना क्लब के मनोज बाघमार सहित क्षेत्र के वरिष्ठ खेल दिग्गजों ने बधाई दी है।










