इटारसी। जिले में हाल ही में दो प्रमुख आपराधिक घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें ग्राम बाबडिय़ा भाऊ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बड़ी चोरी और इटारसी में एक पालतू कुत्ते की हत्या को लेकर दो युवकों के बीच चाकूबाजी शामिल है।
बाबडिय़ा भाऊ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 85,000 रुपए की चोरी की वारदात हुई है। यहां से अज्ञात चोरों ने 7 और 8 अक्टूबर 2025 की दरमियानी रात को स्वास्थ्य केंद्र में घुसकर लगभग 85,000 हजार रुपए का सामान चोरी कर लिया। चोरी हुए सामान में एचपी कंपनी का प्रिंटर 01, पेपर रिम 02, इलेक्ट्रिक वायर बंडल 01, सीलिंग फेन 03, सोलर इन्वर्टर (11), पुटी एल कंपनी की सोलर बैटरी 04, प्लास्टिक कुर्सी 04, और बीपी मशीन 01 शामिल हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की शिकायत पर माखन नगर थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इटारसी में कुत्ते की हत्या पर युवकों में चाकूबाजी
इटारसी क्षेत्र में पालतू कुत्ते की हत्या को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दो युवकों ने एक-दूसरे पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। यह घटना 8 अक्टूबर 2025 की शाम की है। आरोपी सोनू उर्फ मुकेश वाजपेयी ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता तिलक लामकुचे के कुत्ते के भौंकने को लेकर उसके पेट में चाकू मारकर उसे मार डाला। कुत्ते की हत्या के बाद, सोनू उर्फ मुकेश वाजपेयी ने तिलक लामकुचे पर भी चाकू से हमला कर चोट पहुंचाई। तिलक लामकुचे ने भी दूसरे पक्ष पर अड़ीबाजी और मारपीट का आरोप लगाते हुए क्रॉस-शिकायत दर्ज कराई है। दोनों पक्षों के खिलाफ इटारसी थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, और मामले की जांच जारी है, जबकि दोनों घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है।








