इटारसी। भगवान बिरसा मुंडा शासकीय महाविद्यालय सुखतवा में राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा सद्भावना दिवस का आयोजन किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ नीता राजपूत कुमार ने बताया कि 20 अगस्त को भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न राजीव गांधी का जन्म दिवस है, जिसे सद्भावना दिवस के रूप में मनाया जाता है।
सद्भावना दिवस का उद्देश्य समाज में शांति, एकता, राष्ट्रीय अखंडता, भाईचारा और धर्मनिरपेक्षता को बढ़ावा देना है। राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ राधा आशीष पांडे ने बताया कि यह दिवस हमें संदेश देता है कि भारत की विविधता ही हमारी शक्ति है और हमें बिना किसी भेदभाव के एक दूसरे के साथ सद्भावना से रहना चाहिए।
एनएसएस के सहायक कार्यक्रम अधिकारी डॉ सतीश ठाकरे ने सभी छात्र छात्राओं को सद्भावना दिवस की बधाई दी। डॉ राधा आशीष पांडे ने सभी छात्रों को सद्भावना दिवस की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक, एनएसएस स्वयंसेवक एवं सेविकायें तथा छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।








